नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा पूराकलां में एक मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला को उसके ही सास-ससुर और देवरों ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया। पीडि़ता का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे घर से भगाने के लिए प्रताडि़त कर रहे हैं। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीडि़ता रूबी रजक पत्नी स्व.कंछेदी ने बताया कि करीब 10 माह पूर्व उसके पति की मृत्यु हो गई थी। तब से वह अपने बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रही थी। आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे अक्सर घर से बाहर निकालने की धमकी देते रहते हैं। घटना शुक्रवार, 27 मार्च की सुबह करीब 8 बजे की है। रूबी अपने घर पर थी, तभी उसके ससुर प्रागी रजक, सास पार्वती रजक और दो देवर मदन व पप्पू रजक वहां आए और उसे भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। जब पीडि़ता ने गाली देने का विरोध किया, तो चारों आरोपियों ने मिलकर उसे लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। पीडि़ता के शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल अवस्था में पीडि़ता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।



