नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति और ओटीपी के करीब 86 हजार रुपये निकाल लिए। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, वर्षा विलियम निवासी जिला चिकित्सालय परिसर ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया कि 15 जनवरी 2026 को उनके बैंक के क्रेडिट कार्ड से 86,109.98 रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए। पीडि़ता को इस लेन-देन की जानकारी 23 जनवरी को तब हुई जब बिल जनरेट हुआ। पीडि़ता के अनुसार घटना से पहले उनके पास कथित बैंक कस्टमर केयर से कॉल आई थी, जिसमें कार्ड से संबंधित जानकारी ली गई। इसके बाद अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके खाते से रकम पार कर दी। इस संबंध में थाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।



