पाकुड़

पाकुड़िया में श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ का सातवां दिन: मेले में उमड़ी भारी भीड़, भक्ति और उत्साह चरम पर

Seventh day of Sri Sri 1008 Vishnu Maha Yagna in Pakuria: Huge crowds gathered at the fair, devotion and enthusiasm at its peak

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित रामलला यज्ञ मैदान में आयोजित श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ का सातवां दिन शनिवार को श्रद्धा, आस्था और जनसैलाब के बीच संपन्न हुआ। शनिवार के दिन पाकुड़िया हाटिया (साप्ताहिक बाजार) होने के कारण मेले में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यज्ञ परिसर और आसपास का क्षेत्र खचाखच भरा नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, और दोपहर तक भीड़ इतनी बढ़ गई कि हर जगह लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। दुकानों, झूलों, मीना बाजार, तारामाची और खाने-पीने के स्टॉलों पर लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग मेले का आनंद लेते नजर आए। महायज्ञ स्थल पर भी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु श्रद्धाभाव से शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते दिखे। पूरे वातावरण में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार बना रहा। शाम के समय आयोजित सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर भारती हांसदा ने बंगला और संथाली भाषा में पाला कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भक्ति गीतों पर लोग झूम उठे और परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। मेले में खान-पान की दुकानों, घरेलू सामान और खिलौनों की दुकानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। सर्कस और अन्य मनोरंजन साधन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए, बावजूद इसके मेले का दृश्य भव्य और जीवंत बना रहा। यह महायज्ञ 29 मार्च 2026 तक चलेगा, और आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button