नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनपद में आपदा जोखिमों को कम करने और क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से एक दिवसीय वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 30 मार्च 2026 को सुबह 10.30 बजे से शहर के मा.कल्याण सिंह सभागार में आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ के वार्षिक कैलेंडर 2025-26 के निर्देशों के क्रम में इस प्रशिक्षण का मुख्य विषय आपदा जोखिम न्यूनीकरण में आपदा प्रबंधन से संबंधित क्षमता संवर्धन रखा गया है। इसका मुख्य लक्ष्य सरकारी तंत्र और जनभागीदारी के माध्यम से आपदाओं के समय होने वाले नुकसान को कम करना है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विभागों के लगभग 100 अधिकारी और 125 महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य प्रतिभाग करेंगी। प्रशिक्षण में पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि, सिंचाई, जल निगम, रेलवे, और राजस्व विभाग सहित जनपद के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम द्वारा जारी पत्र में समस्त उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खण्ड विकास अधिकारियों और अन्य विभागीय अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वह निर्धारित समय पर सभागार में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस कार्यक्रम की सूचना जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी को भी प्रेषित कर दी गई है।



