
कोट्टायम / तिरुवनंतपुरम। केरल में विधानसभा चुनाव जोर पकड़ने लगे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान आज लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘मेड इन इंडिया’ को लेकर तीखे सवाल पूछे। उन्होंने राज्य के सियासी चौसर पर ताल ठोक रही भाजपा को ‘छिपी हुई ताकत’ बताया। राहुल गांधी साइकिल पर प्रचार जनसंपर्क करते भी दिखे। उन्होंने आज के प्रचार में क्या कुछ कहा, जानिए इस खबर में
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी केरल दौरे पर सबरीमाला मुद्दे पर चुप रहे। यह भाजपा और एलडीएफ के मिलकर काम करने का संकेत है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस, केरल विधानसभा चुनाव 2026 में माकपा और भाजपा से मुकाबला कर रही है। उन्होंने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ट्रंप के दबाव में हैं। यह सभी जानते हैं। प्रधानमंत्री केरल के मुख्यमंत्री को भी नियंत्रित करते हैं।
साइकिल पर कांग्रेस का चुनाव प्रचार?-कोट्टायम में राहुल ने पार्टी नेताओं के साथ साइकिल पर चुनाव प्रचार भी किया। राहुल गांधी पुथुप्पल्ली के पम्पाडी बस स्टैंड पर आयोजित कांग्रेस पार्टी की जनसभा में भाग लेने के बाद साइकिल से रवाना हुए।
सबरीमाला और भाजपा-एलडीएफ गठजोड़
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एलडीएफ नेताओं ने अयप्पा मंदिर से सोना चुराया। उन्होंने पीतल से उसे बदल दिया। प्रधानमंत्री भाजपा को नुकसान से बचाने के लिए चुप रहे। यह दशार्ता है कि भाजपा और एलडीएफ साथ काम कर रहे हैं। यह भी दिखाता है कि नरेंद्र मोदी को धर्म या मंदिरों की परवाह नहीं है। यूडीएफ सरकार मंदिर से संबंधित कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित करेगी।
अंबानी-अदाणी का जिक्र कर पूछा- रोजगार की उम्मीद कैसे करें?-मेड इन इंडिया का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कहा, ‘जब मैंने भाषण शुरू किया, तो मेरी नजर माइक पर पड़ी। उस पर मेड इन चाइना लिखा था। इस माइक पर ‘मूल देश भारत’ या ‘मूल राज्य केरल’ क्यों नहीं लिखा है? अगर हमारे पास भारत में बनी चीजें ही नहीं होंगी, तो हम केरल के युवाओं के लिए रोजगार की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?’
उन्होंने कहा, ‘अगर केरल का भविष्य केवल एक या दो कंपनियों के हाथों में ही रहेगा, तो हम केरल में चीजों का उत्पादन कैसे कर पाएंगे? उन्होंने मुख्यमंत्री विजयन और प्रधानमंत्री पर कॉरपोरेट के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, दोनों मिलकर इस देश को अदानी और अंबानी के हाथों में सौंप रहे हैं।
‘एलडीएफ नेतृत्व भ्रष्ट-राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा यूडीएफ को नहीं चाहती। उन्हें पता है कि देश में कांग्रेस ही उन्हें चुनौती दे सकती है। भाजपा समझती है कि एलडीएफ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती नहीं दे सकता। दिल्ली में सत्ता में होने पर केरल में कोई भी एलडीएफ सरकार उनके नियंत्रण में रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से लड़ने वालों पर हमला होता है। राहुल ने बताया कि उन पर 36 मामले हैं और 55 घंटे लगातार पूछताछ हुई। केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं होती। एलडीएफ नेतृत्व भ्रष्ट है, लेकिन भाजपा का उन पर कोई दबाव नहीं है। प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, मंदिरों और धर्म की बात करते हैं। लेकिन पलक्कड़ दौरे पर वे सबरीमाला की घटना को भूल गए।
एलडीएफ पर कॉपोर्रेट-समर्थन के आरोप-उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एलडीएफ अब वामपंथी पार्टी जैसा व्यवहार नहीं करता। उनकी नीतियां भाजपा की तरह ही कॉपोर्रेट-समर्थित हैं। यूडीएफ ने अतीत में रबर किसानों का समर्थन किया था। एलडीएफ रबर श्रमिकों को मुआवजा देने से इन्कार करता है। कांग्रेस रबर किसानों और श्रमिकों को मूल्य उतार-चढ़ाव से बचाएगी। बाजार के प्रतिकूल होने पर उन्हें व्यवस्थित रूप से संरक्षित और मुआवजा दिया जाएगा।



