गाजियाबाद

लोनी में दलित युवक की हत्या पर सियासत तेज

विधायक ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग उठाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में दलित युवक नितिन जयंत जाटव की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि यह कोई सामान्य हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई वारदात है।
पत्र में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने उल्लेख किया गया है कि हमलावरों ने तीन लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण दो लोग बच निकले और नितिन जाटव को बेरहमी से पीटकर गला दबाकर मार डाला गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों में भय व्याप्त है।

विधायक ने कहा कि हालांकि कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन कई अन्य अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल बताई गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई तो जनाक्रोश और बढ़ सकता है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया कि इस घटना के पीछे सामाजिक और आपराधिक तत्वों की मिलीभगत हो सकती है। विधायक ने पुलिस से मांग की है कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, आवश्यक हो तो इनामी घोषित कर एनकाउंटर जैसे कड़े कदम भी उठाए जाएं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह भी अपेक्षा जताई कि जैसे अन्य मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया गया, उसी तरह इस प्रकरण में भी तेजी से कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल किया जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button