
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही किसानों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। चौसाना बिजलीघर से भडी भरतपुरी के खेतों तक जाने वाली लाइन के इंसुलेटर टूटे पड़े हैं और पोल भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
चौसाना क्षेत्र के भडी भरतपुरी मार्ग पर स्थित सतीश पंडित के खेतों में गुजर रही विद्युत लाइन इन दिनों खतरे का सबब बनी हुई है। लाइन के इंसुलेटर पूरी तरह टूट चुके हैं और एक पोल भी क्षतिग्रस्त हालत में झुका हुआ है। जैसे ही लाइन में करंट प्रवाहित होता है, तारों से चिंगारियां उठने लगती हैं, जिससे आसपास के खेतों में खड़ी फसलों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गेहूं की फसल इस समय पूरी तरह पककर तैयार खड़ी है और खेतों में सूखी अवस्था में है। ऐसे में यदि जरा सी चिंगारी भी नीचे गिरती है तो देखते ही देखते आग लग सकती है और किसानों की मेहनत जलकर राख हो सकती है।
किसानों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार लाइनमैन को फोन कर समस्या से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग की इस लापरवाही से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
गुरुवार को आक्रोशित किसानों ने खेतों में एकत्र होकर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में आफजाल, शाहिद, अकरम, आरिफ, जाकिर और मुजम्मिल सहित कई किसान शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
जेई आजम अकबर ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। अब सूचना मिली है, तुरंत लाइनमैन को मौके पर भेजकर टूटे इंसुलेटर और पोल को ठीक कराया जाएगा।


