शामली
हनुमान जयंती पर चौसाना में निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों ने मोहा मन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को चौसाना में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवान श्रीराम और हनुमान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा, वहीं जगह-जगह सेवा और स्वागत ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत पुलिस चौकी के पास स्थित हनुमान धाम से हुई, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः हनुमान धाम पर आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर कोल्ड ड्रिंक्स, फल, हलवा, कढ़ी-चावल और जलजीरा की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बावजूद सेवा भाव और भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
इस दौरान पंजाब से आई आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। महादेव के रौद्र अवतार की झांकी ने लोगों को खासा प्रभावित किया, जिसमें कलाकार नंदी पर विराजमान होकर नृत्य करते नजर आए। वहीं महाकाल वेशभूषा में कलाकारों ने भस्म रमाकर अघोरी स्वरूप की प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम-लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान, राधा-कृष्ण और खाटू श्याम के सुसज्जित रथ शामिल रहे। चार बैंड और ढोल-नगाड़ों की गूंज से माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। आयोजकों द्वारा की गई आतिशबाजी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।
कस्बे के नागरिकों ने जगह-जगह फूल वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में शिवसेना पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान सरदार नवाब सिंह, सनोज चौधरी, कंवरपाल शर्मा, मनोज गोस्वामी, रोहित प्रधान, अनुभव गर्ग, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, बालिस्टर छांचियान, योगिंदर, विकास, आकाश, अमित, राजकुमार, संदीप खोखर, नीरज, रविंद्र, गौरव, लोकेन्द्र, देविंदर, सोनू, मोहित, रोहित व जॉनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ कैराना, थानाध्यक्ष विरेन्द्र कसाना और चौकी प्रभारी संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे।


