कैराना
बीच-बचाव करना पड़ा भारी: महिला पर लाठी-डंडों व रॉड से हमला, हालत गंभीर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला अफगानान में मामूली विवाद के दौरान बीच-बचाव करने गई महिला पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला अफगानान निवासी इमरान पुत्र हमीद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। दो अप्रैल की सुबह करीब 10:30 बजे उसकी पत्नी साबरा अपनी बहन सन्नो के घर गई हुई थी। इसी दौरान सन्नो के पड़ोसी राशिद, उसकी पत्नी रुकसाना और उसका मामा मुकर्रम उर्फ भूरा किसी बात को लेकर गाली-गलौच व झगड़ा कर रहे थे। आरोप है कि जब साबरा ने बीच-बचाव किया तो तीनों ने उस पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर व कमर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने महिला को बचाया, जबकि आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शामली और बाद में मेरठ रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर राशिद, रुकसाना और मुकर्रम उर्फ भूरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

