खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 200 लीटर संदिग्ध “वेजिटेबल सॉस” बरामद की…
वेजिटेबल सॉस को केमिकल, कृत्रिम रंग और एसिड जैसे पदार्थों से तैयार किए जाने की आशंका,जांच को भेजा गया सैंपल.....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी)- उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी सॉस बनाने के अवैध धंधे का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 200 लीटर संदिग्ध “वेजिटेबल सॉस” बरामद की, जिसे केमिकल, कृत्रिम रंग और एसिड जैसे पदार्थों से तैयार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि जिले के कुछ स्थानों पर “वेजिटेबल सॉस” के नाम पर संदिग्ध पदार्थ तैयार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर टीम ने एक मकान में छापा मारा, जहां लाल रंग का मिश्रण तैयार होता मिला। अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में पाया कि मौके पर तैयार किया जा रहा पदार्थ खाने योग्य नहीं प्रतीत हो रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने मौके से करीब 200 लीटर मिलावटी सॉस को सीज कर लिया और सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सॉस में कौन-कौन से पदार्थ मिलाए गए थे।
बताया जा रहा है कि यह सॉस ठेलों पर मिलने वाले मोमोज, चाउमीन और बर्गर के साथ परोसी जाती थी, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा सकता था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर मौजूद सामग्री को नष्ट कराया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग के अपर आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि , लैब रिपोर्ट मिलने के बाद नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय सावधानी बरतें।




