गोड्डा
दियाजोरी में सिदो-कान्हो की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। दियाजोरी में सिदो-कान्हो की जयंती के पावन अवसर पर वीर प्रतिमा पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष अशोक यादव ने किया। उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हो का जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान की अद्वितीय मिसाल है, जिन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आदिवासी समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने कहा कि सिदो-कान्हो का बलिदान देश की स्वतंत्रता की नींव को मजबूत करने वाला अमूल्य योगदान है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी समाज को दिशा देता है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अमित कुमार, माखन लाल महतो, राजेंद्र यादव, मनोज पंडित, जयकांत मालाकार, प्रदीप मंडल, मानबेल, सुनिल भगत, नंदकिशोर झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



