धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती…
भारी भीड़ के बीच ट्रैक्टर से स्टंटबाजी का वीडियो वायरल...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सपा नेता ने भीड़ जुटाने के लिए बारबाला से अश्लील गानों पर लगवाए ठुमके, उड़ाए गए नोट…
हापुड़ (यूपी) – यूपी के जनपद हापुड़ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में भी नीले झंडों और जय भीम के नारों की गूंज सुनाई दी । पूरे जनपद में एकता और सम्मान का संदेश देते हुए शहर का माहौल बाबा साहेब के रंग में रंगा नजर आया । समाजवादी पार्टी ने कैंप लगाकर झांकियों पर पुष्पवर्षा की और झांकियों का स्वागत किया । सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हापुड पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहते हुए डीएम और एसपी अंबेडकर चौराहे पर पैदल गश्त करते नजर आए ।
वहीं कुछ तस्वीर अलग ही हुड़दंग की नज़र आईं । हापुड़ के तहसील चौराहे पर चारो तरफ़ जबरदस्त भीड़ देखने को मिली और भीड़ के बीच में ट्रैक्टर से स्टंट बाजी करते हुए युवक दिखाई दिए । तो वहीं सड़क किनारे लगे पोल पर होर्डिंग के पाइप को पकड़कर पहलवानी वाले स्टंट , बुलेट मोटर साइकिल से स्टंट करते हुए उसके साइलेंसर से पटाखे फोड़ते हुए स्टंट देखने को मिले और वहीं हापुड पुलिस के नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद पांडे द्वारा समझाते समय कहासुनी वाले वीडियो भी देखने को मिले । इस मौके पर वहाँ सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी मौजूद थी ।
हापुड़ में सिटी कोतवाली क्षेत्र के गढ़ रोड पर अंबेडकर जयंती के मौके पर कुछ युवकों द्वारा ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो भी सामने आया है। घटना के समय सड़क पर भारी भीड़ मौजूद थी और जयंती समारोह को लेकर उत्साह का माहौल था।वायरल वीडियो में युवक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के तेज रफ्तार ट्रैक्टर से सड़क के बीचोंबीच स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान ट्रैक्टर को घुमाकर जोखिम भरे करतब किए गए, जिससे वहां मौजूद लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया। अचानक हुई इस स्टंटबाजी को मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही हापुड पुलिस मौके पर पहुंची और स्टंट कर रहे युवकों को रोक लिया और भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य की।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जबकि वहीं दूसरी तरफ हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ में अंबेडकर जयंती पर भीड़ जुटाने के लिए आयोजक सपा नेता ने मंच पर बार-बालाओं से ठुमके लगवाए और नोटों की बारिश तक कर दी । जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है ।





