बेतुल

बैतूल बीसीघाट में बच्चों को आंगनवाड़ी भेजने से पालकों का इनकार

बर्खास्त सहायिका की दोबारा नियुक्ति पर बवाल, ग्रामीणों ने किया विरोध

परियोजना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, तत्काल हटाने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। आमला क्षेत्र के ग्राम बीसीघाट में आंगनवाड़ी सहायिका की दोबारा नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम पंचायत कोठिया के ग्रामीणों ने परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास आमला को ज्ञापन सौंपकर सहायिका कृष्णी यादव की नियुक्ति रद्द करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सहायिका को पहले गंभीर लापरवाही और अनियमितताओं के चलते पद से हटा दिया गया था। उस समय बच्चों को आंगनवाड़ी में कुत्ते का जूठा पानी पिलाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे, जिसकी पुष्टि के बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अपने बच्चों को आंगनवाड़ी भेजना भी बंद कर दिया था।
अब ग्रामीणों का आरोप है कि 14 मार्च 2026 से उसी सहायिका कृष्णी यादव को पुनः आंगनवाड़ी केंद्र बीसीघाट में नियुक्त कर दिया गया है। इससे गांव में एक बार फिर रोष की स्थिति बन गई है। पालकों ने दो टूक कहा है कि जब तक उक्त सहायिका को हटाया नहीं जाता, वे अपने बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र नहीं भेजेंगे।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल ही में सहायिका द्वारा चप्पल पहनकर बच्चों को भोजन परोसा गया, जो साफ तौर पर लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि कृष्णी यादव को तत्काल पद से हटाया जाए और उसकी जगह किसी योग्य एवं जिम्मेदार सहायिका की नियुक्ति की जाए। ज्ञापन देने वालों में बबलू, शिवरती, रमेश, कलीराम, राजेश सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button