बरेली
बरेली के विकास को मिली रफ्तार, नगर निगम का 1090 करोड़ का ऐतिहासिक बजट पास
महापौर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से मंजूर,

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। शहर के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए नगर निगम बरेली ने 1090 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया। नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में यह बजट पेश किया गया, जिसे सभी पार्षदों की सहमति से मंजूरी मिल गई।
इस बजट में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। सड़कों के निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि बेहतर रोशनी व्यवस्था के लिए 30 हजार स्ट्रीट लाइटें खरीदी जाएंगी। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, शहरवासियों को बेहतर पेयजल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। हरित और सुंदर शहर के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 330 पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री ग्रिड योजना और ग्रीन बरेली अभियान के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि सीबीगंज क्षेत्र में दो माह के भीतर नंदीशाला का संचालन शुरू किया जाए। वहीं, आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए दो एजेंसियों का चयन भी कर लिया गया है।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी सहित अन्य अधिकारी और बोर्ड सदस्य मौजूद रहे।
महापौर बोले,
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास को समर्पित है महापौर ने बताया कि राजस्व बढ़ाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे नगर निगम आर्थिक रूप से मजबूत होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि यह बजट बरेली के लिए एक नई शुरुआत है, जिससे शहर को स्मार्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम होगा।



