मथुरा
एसपी देहात ने किया बरसाना थाने का निरीक्षण, मिलीं खामियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा । बरसाना में वार्षिक निरीक्षण के लिए थाना बरसाना पहुंचे एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत को कई खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि थाना स्तर पर लाहरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से दुरुस्त की जाएं। निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। यक्ष ऐप पर अपराधियों का सत्यापन रखने और हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध नियंत्रण हो सके। थाना परिसर में खड़े लावारिस और जब्त वाहनों की स्थिति पर भी एसपी देहात ने सवाल उठाए। नियमानुसार इन वाहनों की नीलाम के निर्देश दिए गए। थाने में मरम्मत और रंगाई पुताई का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विवेचना कक्ष, थाना कार्यालय और मालखाने का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों को सही रखने और लंबित मामलों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। देहात सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि थाना स्तर पर अभिलेखों के साथ, अपराधियों की सख्त निगरानी और लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता में होना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार सहित बरसाना थाना पुलिस टीम मौजूद रही।



