कैराना
किन्नर गुरु को जहर देकर मारने व एआई से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र में एक किन्नर गुरु ने अपने साथ रह रहे दो व्यक्तियों पर जहर देकर हत्या की साजिश रचने, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने और एआई तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आर्यपुरी निवासी अन्नू गुरु महबूब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से देव कुमार उर्फ सिम्मी निवासी रायपुर रोड, देहरादून और कादिर उर्फ काव्य निवासी जिला सहारनपुर (हाल निवासी कैराना) उसके साथ रह रहे थे और बधाई मांगने के कार्य में साथ जाते थे। आरोप है कि दोनों ने उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने की योजना बनाई थी। पीड़िता के अनुसार, साजिश की भनक लगने पर उसने दोनों को बुलाकर पूछताछ की, जिस पर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए 20 अप्रैल को स्टाम्प पेपर पर लिखित आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसा कृत्य नहीं करेंगे। इसके बावजूद 21 अप्रैल को आरोपियों से जुड़े रवि नामक व्यक्ति निवासी पानीपत ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही देव कुमार व कादिर ने भी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकियां दीं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उसकी फोटो से अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे उसकी सामाजिक छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है। उसने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

