मेरठ
फर्जी बैनामा गिरोह का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 100 वर्ग गज के प्लॉट का फर्जी बैनामा तैयार कर धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के मुताबिक नूर नगर Friends Colony स्थित प्लॉट के मालिक ने 6 मार्च 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने असली महिला की जगह दूसरी महिला को पेश कर फर्जी हस्ताक्षर कराए और प्लॉट का बैनामा तैयार करा लिया। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना ब्रह्मपुरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के निर्देशन में टीम गठित की गई।
पुलिस ने रविवार को वांछित आरोपी वसीम राणा और महिला आरोपी रुखसार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु भारद्वाज, प्रहलाद सिंह, प्रदीप कुमार और महिला उपनिरीक्षक अन्नू कौलिस शामिल रहीं। पुलिस अब मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।



