
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शहर की जीवनदायिनी माचना नदी में तेजी से फैल रही जलकुंभी को लेकर मां माचना सेवा समिति बैतूल ने बुधवार संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। समिति ने बताया कि पूर्व में चलाए गए अभियान से नदी में फैली जलकुंभी हटाई गई थी, जिससे आमजन को काफी राहत मिली थी। लेकिन वर्तमान में एक बार फिर कई किलोमीटर तक जलकुंभी फैल गई है, जिससे नदी का जल प्रवाह बाधित हो रहा है।
समिति के अनुसार जलकुंभी के कारण पानी की गुणवत्ता लगातार गिर रही है और जलीय जीवों के अस्तित्व पर संकट गहराता जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के पर्यावरण और स्थानीय नागरिकों को भी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीर बताते हुए समिति ने विशेष अभियान चलाकर जलकुंभी हटाने की मांग की है।
साथ ही समिति ने कीट उपचार के माध्यम से जलकुंभी के स्थायी निराकरण की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इसके पुनः प्रसार को रोका जा सके। समिति की अध्यक्ष सरिता राठौर के नेतृत्व में संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शैलेंद्र बिहारिया, हिमांशु सोनी, कृष्णा अमरुते और हेमा सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संयुक्त कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि समस्या के निराकरण के लिए जल्द ही कार्ययोजना तैयार की जा रही है।



