गोड्डा
महागामा आईसीएसई में संत थॉमस स्कूल का निधीश बना टॉपर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। आईसीएसई बोर्ड के जारी परीक्षा परिणाम में संत थॉमस स्कूल, गोविंदपुर ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का लोहा मनवाया है। विद्यालय के छात्र निधीश कुमार ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन से न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे महागामा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।परिणामों में प्रीतम जॉन टुडू 92.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, स्वस्ति कुमारी (91.8%), मोहमद आतिफ जिलानी (90.6%) और आदित्य राज (88.8%) ने भी उत्कृष्ट अंक हासिल कर टॉप सूची में जगह बनाई। इन छात्रों की सफलता ने विद्यालय के साथ-साथ प्रखंड का नाम भी रोशन किया है। बड़े सपनों के साथ आगे बढ़ रहे छात्र स्कूल टॉपर निधीश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और प्राचार्य को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य एनडीए में शामिल होकर देश सेवा करना है। प्रीतम जॉन टुडू ने भी अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने अभिभावकों और शिक्षकों को दिया। स्वस्ति कुमारी ने कहा कि आगे 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने करियर का निर्णय लेंगी। वहीं, मोहमद आतिफ जिलानी ने भविष्य में यूपीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जताई। आदित्य राज ने अपनी सफलता के पीछे पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अहम बताया। शत-प्रतिशत रिजल्ट से विद्यालय गौरवान्वित विद्यालय का इस वर्ष परिणाम पूरी तरह शत-प्रतिशत रहा। कुल 89 विद्यार्थियों में से सभी सफल हुए, जिनमें 20 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बीबीन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के समर्पित प्रयास का परिणाम है।विद्यालय आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल देखा गया। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी छात्रों की इस सफलता पर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

