
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पेट्रोलिंग बाइक वाहनों के तहत गोड्डा जिले को कुल 38 नई बाइकें मिली हैं। इन सभी पेट्रोलिंग बाइकों को गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन बाइकों के माध्यम से अब जिले के भीड़-भाड़ वाले इलाके, संकरी गलियों और मोहल्लों में भी पुलिस की पहुंच आसान हो सकेगी। ऐसे स्थान जहां चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां अब बाइक पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इस पहल से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, जिससे अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा में भी सुधार देखने को मिलेगा।गोड्डा पुलिस का यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तेज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।




