कैराना

दिल्ली दरबार में उठी मुस्लिम समाज की आवाज

चीफ इमाम से मिले प्रतिनिधि, ‘वोट बैंक की राजनीति’ पर तीखा प्रहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

कैराना। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच कैराना का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजधानी दिल्ली पहुंचकर मौलाना उमैर इलियासी (चीफ इमाम) से मिला, जहां मुस्लिम समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, जागरूकता की कमी और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर आज भी बड़ी संख्या में लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में उनका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ऐसे में समाज को जागरूक करने, युवाओं को शिक्षा से जोड़ने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने की सख्त जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं, ताकि सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूती मिल सके। बैठक के दौरान चीफ इमाम मौलाना उमैर इलियासी ने बेबाक अंदाज में कहा कि दशकों तक मुस्लिम समाज को केवल “वोट बैंक” के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है, जिससे वास्तविक विकास बाधित हुआ। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब समय बदल चुका है और समाज को गुमराह करने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति को समाज के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। जो लोग समाज को इन योजनाओं से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं, वे दरअसल उन्हें विकास की राह से भटकाने का काम कर रहे हैं। चीफ इमाम ने जोर देकर कहा कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता ही मुस्लिम समाज के सशक्त भविष्य की कुंजी है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर लोगों को जागरूक करें और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सेतु की भूमिका निभाएं।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मोहम्माद फरीद अंसारी नादिर चौधरी व अनीस अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने समाज के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button