
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद : डीएलएफ अंकुर विहार स्थित नव जीवन पब्लिक स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार स्कूल प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी करते हुए खेल मैदान की जमीन पर पांच मंजिला इमारत खड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह निर्माण न केवल अवैध है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के नियमों के तहत इस क्षेत्र में अधिकतम तीन मंजिला भवन निर्माण की अनुमति है। इसके बावजूद स्कूल परिसर में पांच मंजिला इमारत का निर्माण किया जाना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है। आरोप है कि इस इमारत का उपयोग रिहायशी उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर इस अवैध बिल्डिंग का निर्माण हुआ है, वह मूल रूप से स्कूल के खेल मैदान के लिए निर्धारित थी। नियमानुसार हर स्कूल में बच्चों के लिए खेल का मैदान होना अनिवार्य है, लेकिन यहां उसी स्थान पर रिहायशी भवन खड़ा कर दिया गया। इतना ही नहीं, निर्माण के दौरान कई हरे-भरे पेड़ों को भी काटे जाने का आरोप है।
क्षेत्र के एसएलएफ वेद विहार, रेल विहार समेत आसपास की कॉलोनियों के सैकड़ों बच्चे इस स्कूल में पढ़ते हैं। अभिभावकों का कहना है कि मध्यावकाश के दौरान बच्चे इसी परिसर में खेलते हैं, जिससे किसी भी हादसे की आशंका बनी रहती है।
मामले में प्रशासनिक भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि निर्माण अवैध है, तो अब तक गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगरपालिका परिषद लोनी द्वारा कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? साथ ही, शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं कि मान्यता देते समय सुरक्षा मानकों और बुनियादी सुविधाओं की जांच क्यों नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभागों पर अनदेखी या मिलीभगत का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


