बागपत

बड़ौत में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली विवेक विहार अग्निकांड पर जताया गहरा शोक

मृतकों को दी श्रद्धांजली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत/बागपत : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जनपद बागपत द्वारा दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर गहरा दुःख व्यक्त किया गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया। बड़ौत नगर में जिलाध्यक्ष अरुण तोमर बॉबी एवं नगर अध्यक्ष मुदित जैन के नेतृत्व में शिव बजाज शोरूम पर एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विवेक विहार में हुई यह दर्दनाक घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति है। हादसे में गांधी नगर की पूर्व निगम पार्षदा दीपा जैन एवं स्वर्गीय विनोद जैन के परिवार पर टूटा दुख का पहाड़ सभी को स्तब्ध कर गया। जनपद बागपत के अंछाड़ गांव से जुड़े इस परिवार के बड़े सुपुत्र नितिन जैन, उनकी धर्मपत्नी, पुत्र, पुत्रवधू एवं पौत्र सहित परिवार के कई सदस्यों की असमय मृत्यु की खबर ने क्षेत्रवासियों को गहरे शोक में डुबो दिया।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि मध्य रात्रि में एसी ब्लास्ट के कारण लगी आग ने पूरे परिवार को काल के गाल में समा दिया। इस दुखद घटना को सुनकर व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे मृतकों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जिलाध्यक्ष अरुण तोमर बॉबी ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को भीतर तक झकझोर देती हैं और हमें सुरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने की सीख देती हैं। नगर अध्यक्ष मुदित जैन ने कहा कि व्यापार मंडल इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
शोक सभा में संदीप गर्ग टीटू प्रधान, हर्ष आर्य चीनू, हैप्पी चौधरी सहित अनेक व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचाव के लिए लोगों को घरेलू सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।
पूरे बड़ौत नगर में इस घटना को लेकर शोक का वातावरण बना रहा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रभु आदिनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह क्षति कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन समाज की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button