पाकुड़िया में प्रार्थना सभा का आयोजन, झामुमो नेत्री उपासना मरांडी हुईं शामिल
Prayer meeting organised in Pakuria, JMM leader Upasana Marandi participated

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया (पाकुड़)। पाकुड़िया प्रखंड के गनपुरा पंचायत अंतर्गत ग्राम दुंगी बरोमासीय में आयोजित मार्शल डाहार प्रार्थना सभा श्रद्धा और आस्था के माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत उपासना मरांडी ने फीता काटकर की। प्रार्थना सभा का संचालन नबी देवीधन हांसदा द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे के लिए विशेष प्रार्थना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु मसीह का स्मरण करते हुए भक्ति भाव से आराधना में भाग लिया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, शांति और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर आत्मिक शुद्धि, प्रायश्चित और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश देते हैं। साथ ही उन्होंने लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने आगे कहा कि समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। इस मौके पर जमाय अनुपम अभिषेक मुर्मू, झामुमो जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, मुन्ना सहित कमेटी के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया और क्षेत्र की उन्नति एवं शांति के लिए प्रार्थना की।



