बेतुल
बैतूल आगजनी पीड़ितों को कोरकू समाज संगठन और आर. के. मेमोरियल हॉस्पिटल ने बांटी राहत सामग्री
आग की विभीषिका में उजड़े 18 मकान, 25 परिवारों के 106 सदस्य बेघर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। बर्राढाना में हुई भीषण आगजनी के बाद पीड़ित परिवारों की मदद के लिए समाज आगे आया। कोरकू समाज संगठन बैतूल और आर. के. मेमोरियल हॉस्पिटल बडोरा ने राहत सामग्री वितरित की।आवश्यक खाद्य सामग्री और उपयोगी सामान देकर पीड़ितों को तत्काल सहारा प्रदान किया गया। संकट की इस घड़ी में दोनों संस्थाओं ने निरंतर सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
घटनास्थल पर डॉ. कृष्णा मौसिक, शारदा सेलु, सीताराम चढ़ोकार, अकास जिलाध्यक्ष बंडू लिखितकर, जिला महामंत्री अरुण मौसिक, भैंसदेही प्रभारी धनराज तांडिलकर, मयंक मौसिक, निलेश मौसिक सहित स्थानीय सरपंच, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, भीमपुर तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अकास जिलाध्यक्ष बंडू लिखितकर ने कहा कि मानव सेवा ही हमारा कर्तव्य है और सभी पीड़ित परिवारों को इसी सत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए। आर. के. हॉस्पिटल बडोरा की संचालक डॉ. कृष्णा मौसिक ने भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मदद का आग्रह किया। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष एसटी मोर्चा सीताराम चढ़ोकार ने वन विभाग से पीड़ित परिवारों को लकड़ी और बल्लियां लाने की अनुमति देने की मांग की है, ताकि वे अपने आशियाने का पुनर्निर्माण कर सकें।
गौरतलब हैं कि भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाशिंदा अंतर्गत बर्राढाना में हुई भीषण आगजनी में 18 मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे 25 परिवारों के कुल 106 सदस्य बेघर हो गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन को मजबूर हो गए हैं।




