
ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामिग्री इस्तेमाल होने का लगाया आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरदारनगर में ओवरहेड टैंक गिरने से हुए हादसे में घायल पांच ग्रामीणों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो मामूली घायल तीन लोगों को गांव में ही उपचार दे दिया गया। सोमवार रात में डीएम भी घायलों का हाल देखने अस्पताल पहुंचे। घायलों ने हादसे की जानकारी दी कि किस तरह पलक झपकते ही वह लोग मलबे में दब गए।
ग्राम पंचायत सरदारनगर में 3.62 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ साल पहले बना 60 फुट ऊंचा ओवरहेड टैंक सोमवार शाम साढ़े पांच बजे भरभराकर गिर गया था। इससे गांव के डोरीलाल (32), अर्जुन (30), वीरपाल (48), रविंद्र (50), नन्कू उर्फ वेदपाल (45) मलबे में दबकर घायल हो गए। वहां मौजूद गुड्डू, ठाकुरदास, नन्नू व डबरू भी मामूली जख्मी हुए हैं।
घटिया सामग्री से बनाया ओवरहेड टैंक
गांव सरदारनगर में बना पुराना ओवरहेड टैंक खराब हो गया था। तीन साल पहले यहां नए ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ जो डेढ़ साल पहले बनकर तैयार हुआ था। तब से नए टैंक से ही ग्रामीणों को जलापूर्ति की जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यह ओवरहेड टैंक घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर बनाया गया था। बारिश के बाद सोमवार शाम साढ़े पांच बजे इसके पिलर धंस गए और पलक झपकते ही पूरा ओवरहेड टैंक धराशाई हो गया।
हादसे के एक घंटे बाद पहुंचा प्रशासनिक अमला
हादसे के एक घंटे बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तब तक ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवा दिया था। मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए मंगलवार को लखनऊ से तकनीकी ऑडिट टीम (टीएसी) यहां आएगी। शाम 5:30 बजे हादसा हुआ। इसके एक घंटे बाद करीब 6:30 बजे एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम आंवला विदुषी सिंह, तहसीलदार बृजेश कुमार, सीओ नितिन कुमार, बीडीओ हर्षेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने बताया कि वहां मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की गई। उन्होंने पांच घायलों के अलावा अन्य किसी के मलबे में दबे होने की आशंका नहीं व्यक्त की, न ही किसी को मिसिंग बताया। फिर भी जेसीबी लगाकर मलबे को हटवाया जा रहा है। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
जल निगम ग्रामीण के असिस्टेंट इंजीनियर के खिलाफ विभागीय जांच और अधिशासी अभियंता के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।




