राजनीतिराष्ट्रीयसहारनपुर

देवबंद में मंच से गरजे सीएम योगी

कहा-'बंगाल की जीत ने दिखाया आईना', फतवों पर ली चुटकी

देवबंद/ सहारनपुर। देवबंद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की योजनाओं, सुशासन और बंगाल की जीत को लेकर बड़ा संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर जिले के देवबंद पहुंचे, जहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से जनता के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने देवबंद की पावन भूमि का स्मरण करते हुए मां शाकुंभरी सिद्धपीठ और माता त्रिपुरबाला कुंदरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और सहारनपुर के सभी नागरिकों का अभिनंदन किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बंगाल की जीत, कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था, दंगो और फतवों पर अपने विचार रखे।
विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए बड़ी विकास सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सैकड़ों विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को सुविधाओं का लाभ सीधे मिलेगा।
योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और पारदर्शिता के साथ उनका संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
बंगाल की जीत ने दिया बड़ा संदेश
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास और सुशासन को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार, उत्तराखंड में दूसरी बार और पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन लोगों को आईना दिखाने का काम हुआ है, जो समाज को बांटने की राजनीति करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है, तो जनता ऐसे शासन को दोबारा अवसर देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करती और विश्वासघात करती है, तो जनता उसे सत्ता से हटाने में देर नहीं लगाती। चुनाव परिणामों ने इस बात का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल के कार्यकतार्ओं के साथ-साथ सहारनपुर के पार्टी कार्यकतार्ओं को भी हृदय से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस जीत ने यह साबित कर दिया है कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहें, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करे, सुशासन के लक्ष्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करे और बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए, तो जनता ऐसी सरकार को फिर से सत्ता में लाने में देर नहीं करती।
जनता सत्ता से बाहर करने में देर नहीं लगाती: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर जो राजनीतिक दल देश के साथ, भारत की संस्कृति के साथ और राष्ट्रभावना के साथ धोखा करने का प्रयास करते हैं, जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने में भी देर नहीं लगाती। हाल के चुनाव परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत हैं।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम उन लोगों के लिए भी संदेश है जो जाति के नाम पर समाज को बांटकर सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करना चाहते थे और देश को कमजोर करने की कोशिश करते थे। चुनाव परिणाम ऐसे विभाजनकारी प्रयासों के खिलाफ एक आईने की तरह सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समाज विभाजित नहीं होगा, बल्कि विभाजनकारी ताकतों के मंसूबों को जनता अपने मतों की ताकत से पराजित करेगी और राष्ट्र की एकता व अखंडता को मजबूत बनाएगी।
सीएम ने दंगों का किया जिक्र
अपने संबोधन में उन्होंने सहारनपुर का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही जनपद है, जहां वर्ष 2013 से 2016 के बीच कई बार दंगे हुए थे, लेकिन अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवबंद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करेगा तो उसे उसके परिणामों का भी सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सीधे जनता के बीच इसलिए आए हैं ताकि लोगों को बता सकें कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्य आने वाले समय में उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने कहा कि यही विकास प्रदेश और देश की प्रगति को आगे बढ़ाएगा और विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आस्था और संस्कृति की समृद्ध धरोहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश आस्था और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी विशेष पहचान रखता है। सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी देवी धाम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। यह स्थल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कहीं खेल महाविद्यालय बनाए जा रहे हैं तो कहीं दो लेन और चार लेन सड़कों का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर मार्ग गलियारों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आरसीसी नालों का निर्माण, विद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थापना जैसे अनेक कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि पहले विकास कार्य अक्सर तुष्टिकरण की भेंट चढ़ जाते थे, लेकिन अब सरकार तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर काम कर रही है ताकि समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय अस्मिता के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आजादी के अमृतकाल में कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसरों का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े आयोजनों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भावना को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता और प्रतीकों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। जो लोग देश में रहकर भारत के खिलाफ बोलते हैं या देश का अपमान करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में तेज गति से चल रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर को नई पहचान दिलाने के लिए यहां के जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया। मां शाकंभरी देवी के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है और जल्द ही उसका भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सहारनपुर में एयरपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिससे यह क्षेत्र देश और दुनिया से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। पहले यहां फतवों और टकराव की संस्कृति की वजह से विकास प्रभावित होता था, लेकिन अब सहारनपुर उस माहौल से मुक्त होकर आगे बढ़ रहा है।

अब सहारनपुर से लखनऊ केवल छह घंटे में पहुंचें: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले देश की पहली रैपिड रेल सेवा का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ पहुंचकर दिल्ली-मेरठ के बीच किया था। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री ने मेरठ से प्रयागराज के बीच लगभग 600 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल मेरठ और प्रयागराज को ही नहीं जोड़ता, बल्कि सहारनपुर सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा। अब सहारनपुर के लोग लखनऊ लगभग छह घंटे में और प्रयागराज करीब साढ़े सात घंटे में पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के लिए महाशाकंभरी देवी धाम तक पहुंचने के लिए एलिवेटेड हाईवे का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके बनने के बाद श्रद्धालु सर्दी, गर्मी या बरसात किसी भी मौसम में आसानी से मां के दरबार में पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे। इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button