खैरथल
नार्को कोऑर्डिनेशन केंद्र की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
स्कूली क्षेत्रों को तम्बाकू मुक्त बनाने निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सचिवालय में नार्को कोऑर्डिनेशन केंद्र (NCORD) की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अफीम एवं गांजे की अवैध खेती, ट्रामाडोल व कोडिन आधारित दवाइयों के दुरुपयोग तथा भांग के वैध ठेकों पर संचालित अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में एनडीपीएस अधिनियम एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा भी की गई। जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी बैठक से पूर्व जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के माध्यम से सर्वे कर विद्यालय परिसरों के 100 मीटर दायरे में संचालित तंबाकू विक्रेताओं की सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने कहा कि यदि अन्य जिलों में अवैध मादक गतिविधियों में जिले के किसी व्यक्ति की संलिप्तता की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराया जाए, ताकि जिले में ऐसी गतिविधियों को पनपने से रोका जा सके। उन्होंने भांग के ठेकों पर नियमों के अनुसार विक्रय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर , उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग , उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी , एनसीबी जयपुर के , जिला शिक्षा अधिकारी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


