कैराना

मासूम चीखों के बीच बुझ गया घर का चिराग

एक पोती को पानीपत ले गए दादा, डेढ़ साल की जसप्रीत सुपुर्द-ए-खाक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। नगर के मोहल्ला आलदरमियान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद शुक्रवार को पूरे इलाके में मातम पसरा रहा। हादसे में दम घुटने से जान गंवाने वाली दो मासूम बच्चियों में से एक का शव उसके दादा अंतिम संस्कार के लिए पानीपत ले गए, जबकि डेढ़ वर्षीय जसप्रीत को गमगीन माहौल में खुरगान रोड स्थित श्मशान घाट में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। मासूम को अंतिम विदाई देने पहुंचे लोगों की आंखें नम हो गईं।
बताया गया है कि हादसे में झुलसी विवाहिता अनीता की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। उसका उपचार मेरठ मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चियों की मौत का कारण दम घुटना सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृत बच्ची वंदना, अनीता के पूर्व पति नितिन की पुत्री थी, जिसका शव उसके दादा अशोक निवासी पानीपत अपने साथ ले गए। दूसरी ओर वर्तमान पति जसविंदर की मासूम पुत्री जसप्रीत का अंतिम संस्कार कस्बे में ही किया गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अग्निकांड के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से अनीता के घर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अनीता ने खुद को आग के हवाले कर दिया था। उस समय कमरे में उसकी दोनों बेटियां भी मौजूद थीं, जो धुएं और आग की चपेट में आ गईं। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के प्रयास की बात भी सामने आई है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button