डीएवी पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस सह रवींद्र जयंती का भव्य आयोजन
Grand celebration of Mother's Day and Rabindra Jayanti at DAV Public School

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। स्थानीय डी ए वी पब्लिक स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस (मदर्स डे) बड़े उत्साह, प्रेम और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत और हस्तनिर्मित कार्डों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति स्नेह और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में माताओं के लिए विशेष खेलों और रैंप वॉक का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य माँ और बच्चे के अटूट संबंध को सम्मान देना रहा। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि माँ ही परिवार की धुरी होती है और वही बच्चों की पहली गुरु होती हैं, जो उन्हें जीवनभर सही दिशा और संस्कार प्रदान करती हैं। इसी कार्यक्रम के दौरान महान कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती भी उल्लासपूर्वक मनाई गई। प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत बंगाली नृत्य एवं रवींद्र संगीत ने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्य ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर केवल साहित्यकार ही नहीं, बल्कि महान देशभक्त भी थे और वे एशिया के पहले नोबेल पुरस्कार विजेता थे। उनके द्वारा रचित राष्ट्रगान जन गण मन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम ने मातृत्व और साहित्यिक विरासत—दोनों के प्रति सम्मान और प्रेरणा का संदेश दिया।



