शामली

“ऑपरेशन सवेरा” के तहत शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

514 ग्राम चरस समेत चार तस्कर गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
शामली। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना आदर्श मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 514 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना आदर्श मंडी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पुत्र चन्द्रशेखर, अली पुत्र जमशैद, सोनू पुत्र ओमकार निवासी मोहल्ला रैदासपुरी कस्बा बनत तथा आरिस पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला प्रेमनगर कस्बा बनत शामिल हैं। पुलिस ने चारों के कब्जे से कुल 514 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना आदर्श मंडी पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपचंद, उपनिरीक्षक लोकेश, हेड कांस्टेबल शौकिन्द्र, पिंटू कुमार, नीरज कुमार एवं नितिन कुमार शामिल रहे।
शामली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें तथा नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button