गोड्डा
गड़ासा से पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा। कुछ दिन पहले पत्नी की गड़ासी से काटकर निर्मम हत्या करने के आरोपी को मेहरमा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा थी तथा घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहरमा थाना कांड संख्या 71/26 दिनांक 07 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले के प्राथमिकी अभियुक्त किशन रविदास, निवासी घासीचक थाना मेहरमा जिला गोड्डा, पर आरोप है कि उसने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही पत्नी की गड़ासा से वार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और आरोपी किशन रविदास को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।



