
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट और गला दबाकर हत्या के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मंडावर निवासी दिलशाद पुत्र कामिल ने बताया कि उसकी बहन जानसीदा की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व मोहल्ला बिसातियान निवासी मुरसलीन पुत्र सोखा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन विवाद करता था और पीड़िता को प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़ित के अनुसार, सात मई की रात करीब नौ बजे उसकी बहन घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की तथा विरोध करने पर गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
