किसानों की मेहनत पहुंची सरहद तक
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आईटीबीपी को ताजी सब्जियों की पहली खेप रवाना

किसानों की आर्थिकी को सशक्त करने और उनकी उपज के लिए बाजार उपलब्ध कराने के उद्वेश्य से शुरू की गई है पहल: डीएम
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने ‘नॉलेज एक्सचेंज प्रोग्राम’ में किया प्रतिभाग; छात्रों को सिखाए ग्रामीण आर्थिकी के गुण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत आईटीबीपी एवं उत्तराखंड औद्योगिक परिषद के मध्य हुए एमओयू के सफल क्रियान्वयन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।जिले के स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित ताज़ी एवं पारंपरिक सब्जियों का लाभ दुर्गम सीमाओं पर तैनात जवानों उपलब्ध कराए जाने के लिए आईटीबीपी मातली में उद्यान विभाग के तत्वाधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इस पहल की सराहना की तथा इसके तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 12वीं एवं 35वीं बटालियन को सब्जियों की आपूर्ति का शुभारंभ किया। पहली खेप के रूप में कुल 32 कुंतल ताजी सब्जी एवं फलों की आपूर्ति की गई है। इस खेप का बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये है।
एमओयू के अनुसार आगामी समय में आईटीबीपी की कुल मांग का 25% हिस्सा स्थानीय किसानों द्वारा ही आपूर्ति किया जाएगा। यह कार्य रेनुका समिति, ‘रेनुका चौमास एफपीओ’ एवं ‘भागीरथी अन्नपूर्णा एफपीओ’ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों को उनकी उपज के लिए बाजार उपलब्ध कराना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजन करना है। इस पहल से किसानों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आईटीबीपी मातली में स्कूली बच्चों के साथ एक विशेष “नॉलेज एक्सचेंज प्रोग्राम” में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने इस प्रयास को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम बताया। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें स्थानीय संसाधनों के महत्व और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपने परिवेश और ग्रामीण आर्थिकी को समझने की दिशा में भी जिज्ञासु बनें ताकि भविष्य में वे क्षेत्रीय विकास में अपना योगदान दे सकें।
इस दौरान मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. रजनीश सिंह , आईटीबीपी से सेकंड इन कमांडेंट शेखर सिंह गुसाई, डिप्टी कमांडेंट संजय भंडारी, असिस्टेंट कमांडेंट एम.एस. अरोड़ा, 35वीं बटालियन आईटीबीपी (महिडांडा) से एसओ राजेंद्र सिंह रावत,डीडीएम नाबार्ड पारित गुप्ता, रेनुका समिति की अध्यक्ष प्रज्ज्वल उनियाल, भागीरथी अन्नपूर्णा एफपीओ की सीईओ सीमा जोशी सहित अन्य उपस्थित रहे।


