शादी समारोह में देर रात हुए विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या…
भाजपा के जिला मंत्री हत्या में नामजद आरोपी...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – सोमवार की देर रात गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद निवासी दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था जिसके बाद देर रात वापस घर लौटने पर एक युवक मंजीत तोमर और उसके साथियों ने गांव निवासी अतुल तोमर को गोली मार दी जिसमें अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे गाजियाबाद के सर्वोदय हॉस्पिटल ले जाया गया , जहां देर रात उसकी मौत हो गई ।
जानकारी के अनुसार , धौलाना तहसील क्षेत्र के गांव गालंद निवासी अतुल तोमर सोमवार देर रात गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी समारोह में मामूली बात को लेकर गांव निवासी मंजीत तोमर के साथ आए तीन-चार युवकों से उसका विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद शांत कराया और सभी को गांव वापस भेज दिया। जिसके बाद देर रात गांव वापस आने के बाद रिलायंस रोड पर अतुल तोमर को मंजीत और उसके साथियों ने गोली मार दी । गोली लगने से घायल अतुल लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। गांव में सूचना होते ही अतुल को गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
जानकारी के अनुसार , हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद निवासी अतुल तोमर राष्ट्रीय हनुमान दल के हापुड़ जिला अध्यक्ष और गांव के पूर्व प्रधान के पुत्र थे । हत्या के इस मामले में पुलिस ने एक भाजपा नेता और वर्तमान जिला कार्यकारिणी में जिला मंत्री नवीन तोमर को भी नामजद आरोपी बनाया है । स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांव गालंद में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मनजीत और मृतक अतुल के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मनजीत का आपराधिक इतिहास है और वह सन 2013 में गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में हुई हत्या और दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। जबकि वहीं एक अन्य आरोपी नवीन तोमर को भी नामजद आरोपी बनाया गया । आरोपी नवीन तोमर वर्तमान में भाजपा की जिला कार्यकारिणी में जिला मंत्री के पद पर हैं जबकि इससे पहले वह गालंद से मंडल अध्यक्ष पद पर रह चुका हैं । भाजपा नेता नवीन तोमर पिलखुवा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और गाजियाबाद के मसूरी थाने में सन 2008 में हत्या का मुकदमा सहित उसके ऊपर वर्तमान में लगभग 12 मुकदमे दर्ज हैं । जबकि वहीं इसी मामले में भाजपा का पूर्व जिला उपाध्यक्ष ब्रजमोहन तोमर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।
डीएसपी पिलखुवा अनीता सिंह ने बताया कि गाजियाबाद में शादी समारोह में विवाद होने के बाद जैसे ही युवक गांव पहुंचा तो वहां उसकी गोली मार दी गई है। जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए , जिसकी मौत हो गई है ।अतुल तोमर पर हमला करने वालों की संख्या करीब चार बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।
हापुड के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि ,थाना पिलखुवा क्षेत्रान्तर्गत रिलाइन्स रोड पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अतुल नामक व्यक्ति को गोली मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया था , जिनको गाजियाबाद अस्पताल में भर्ती किया गया था जहाँ पर दौराने उपचार उनकी मृत्यु हो जाने पर मृतक की माता जी के द्वारा थाना पिलखुवा पर अभियोग पंजीकृत कराया गया है, पुलिस द्वारा तत्प्रतापूर्वक कार्यवाही करते हुए संदिग्ध रुप से घटना में शामिल 02 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लिया गया है, शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु सार्थक प्रयास किये जा रहे है, शीघ्र ही शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
इस मामले में हापुड की भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माध्रे ने फोन पर बताया कि , मैं अभी लखनऊ में हूं । मामले की जानकारी हुई है । जो लोग पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं उनके खिलाफ पार्टी मुख्यालय शिकायत करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाएगी ।




