समग्र विकास को गति देने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।विभागवार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।उद्यान एवं कृषि विभाग को कृषकों की आय वृद्धि हेतु संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।पशुपालन, डेरी विकास एवं मत्स्य विभाग को स्वरोजगार आधारित योजनाओं में पात्र लाभार्थियों का चयन कर योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।उद्योग विभाग को स्वरोजगार एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।समाज कल्याण विभाग को पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पात्र व्यक्तियों का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल एवं सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने को कहा गया।
VB-G RAMG के अंतर्गत शुरू किये जाने वाले कार्यों में अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिए ।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।उरेडा विभाग को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।बाल विकास विभाग को कुपोषण उन्मूलन, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं पोषण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।अर्थ एवं संख्या विभाग को विकास योजनाओं से संबंधित आंकड़ों का समयबद्ध संकलन एवं अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें, जिससे आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह , जिला अर्थ एंव संख्याधिकारी अतुल आंनद, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


