जालौन

डेढ़ साल में उखड़ गई लाखों की सड़क, हादसों का केंद्र बना  सुढार सालाबाद मार्ग

घटिया निर्माण सामग्री का आरोप, गड्ढों में तब्दील सड़क से ग्रामीण बेहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुढार के अंतर्गत सालाबाद गांव में बंबा किनारे करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले बनाई गई सड़क अब पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क की परत उखड़ चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन यहां वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और सही सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने के कारण सड़क बहुत कम समय में ही टूटकर खराब हो गई। लोगों के अनुसार यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जाता तो सड़क इतनी जल्दी जर्जर नहीं होती।
वर्तमान में हालत यह है कि बाइक, ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन अक्सर गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को इस जर्जर सड़क से सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। रात में इस मार्ग से निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button