28-29 मई को होगा भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग, तैयारियों को लेकर योजना बैठक सम्पन्न
BJP's district training camp will be held on May 28-29, planning meeting concluded regarding preparations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत पाकुड़ जिला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर योजना बैठक का आयोजन काठमिल, महेशपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की। बैठक में प्रभारी के रूप में दुमका के पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल मौजूद रहे। इसके अलावा पाकुड़ जिला के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 28 एवं 29 मई को पाकुड़ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निवास मंडल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित एवं परिश्रमी नेतृत्व का निर्माण होता है। उन्होंने सभी मंडलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान राष्ट्र एवं समाज के लिए समर्पित आदर्श नागरिक और कर्मयोगी कार्यकर्ताओं के निर्माण का माध्यम है। प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से सुदृढ़ बनने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जब विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी समाज और राष्ट्र जीवन में समरसता, सेवा और संगठन शक्ति का विस्तार संभव होगा। जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण का सतत अभियान है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का “अंत्योदय” और “एकात्म मानववाद” भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है और यह प्रशिक्षण वर्ग उसी विचारधारा को कार्यकर्ताओं के जीवन में उतारने का माध्यम बनेगा। वरिष्ठ भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। इससे कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से अधिक प्रभावी ढंग से जुड़ सकेंगे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने किया। बैठक में हिसाबी राय, शर्मिला रजक, अमृत पांडेय, दुर्गा मरांडी, नोरेन साहा, जयंत मंडल, जुनास टुडू, राहुल मिश्रा, रूबीलाल हांसदा, मोजेश टुडू, संजीव भगत, सुरेंद्र प्रसाद भगत, मनोज सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



