कैराना
बंद मकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो युवक
भट्ठे पर मजदूरी करने गया था परिवार, सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए बदमाश
पीड़ित ने दो युवकों को नामजद कर कैराना कोतवाली में दी तहरीर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना क्षेत्र के गांव मलकपुर में बंद पड़े मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर घर में घुसकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर गांव गंदराऊ के दो युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कैराना कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव मलकपुर निवासी शकील पुत्र हासिम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ईंट भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करता है। रोजगार के सिलसिले में वह सात नवंबर 2025 को जिला सहारनपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने चला गया था। इस दौरान उसका मकान बंद पड़ा हुआ था। हालांकि वह बीच-बीच में चार-पांच बार अपने घर आता रहा। पीड़ित के अनुसार, 13 मई की रात उसके मकान का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए और घर में रखे कीमती जेवर चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में पैरों की चांदी की पाजेब, हाथ के चांदी के कड़े, हाथ का पचांगला, गले का चांदी का हार और सोने के एक जोड़ी कुंडल शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। शकील ने बताया कि उसके मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। चोरी के बाद उसने कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें गांव गंदराऊ निवासी जुबेर हसन पुत्र रकीबू और शमसाद पुत्र इनाम संदिग्ध रूप से दिखाई दिए। इसके बाद उसने दोनों युवकों पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए कैराना कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


