अमरोहा
अमरोहा में फर्जी लूट का खुलासा, किसान निकला खुद ही ‘लुटेरा’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जिले में दिनदहाड़े करीब तीन लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज सूचना कुछ ही घंटों में झूठी साबित हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कर्ज के दबाव में फंसे एक किसान ने बैंक का लोन माफ कराने और कर्जदारों से बचने के लिए खुद ही लूट की साजिश रच डाली। हसनपुर पुलिस ने सूझबूझ और कड़ी पूछताछ के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया तथा पूरी रकम भी बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार, रजबपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर नहरी निवासी वीरेंद्र सिंह ने सोमवार दोपहर पुलिस को सूचना दी थी कि वह जिला सहकारी बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लिमिट के तहत 2 लाख 90 हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहा था। आरोप था कि ताहरपुर के पास अपाचे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया, मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वीरेंद्र सिंह के बयान बार-बार बदलते नजर आए, जिससे पुलिस को शक हुआ। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी टूट गया और पूरी सच्चाई उगल दी।
पूछताछ में सामने आया कि किसान पर काफी कर्ज था और वह आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी कारण उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी ताकि बैंक का लोन माफ हो सके और लेनदारों से राहत मिल जाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली है।
हसनपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने और झूठी सूचना देने के आरोप में वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई 2 लाख 90 हजार रुपये की शत-प्रतिशत रकम, उसका खुद का तोड़ा हुआ मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने झूठी लूट की कहानी रचकर पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर समक्ष न्यायालय पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है ।



