मथुरा
महिलाओं ने लाठी लेकर पुलिस को दौड़ाया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। नरहौली में बुधवार देर रात हुए पथराव में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। जैसे ही पथराव की सूचना मिली, दोनों दुल्हनें मौके पर पहुंच गईं। उनका कहना है कि आरोपियों ने उनके घर में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस ने उनका साथ दिया। इतना ही नहीं, महिलाएं लाठी लेकर पुलिसकर्मियों के सामने आ गईं जिससे पुलिसकर्मियों को भागना पड़ा। दुल्हनों के भाई नाहर सिंह को भी पथराव में चोट लगी है। उन्होंने बताया कि ठाकुर समुदाय का कोई व्यक्ति बीमार था। जिस समय बरात चढ़ रही थी उसी समय वे उसे लेकर चिकित्सक के पास जा रहे थे। ये सभी बरात के निकट से गुजरे तो अचानक गालियां देने लगे। उन्होंने बग्गी में लात मारनी शुरू कर दी। इसी का विरोध किया गया तो मारपीट, पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद बवाल हुआ। दोनों दुल्हनों ने पहले दूसरे पक्ष के लोगों और फिर पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया। कहा कि आरोपी उनके घर में आ घुसे। दहेज का सामान तोड़ दिया। दहेज के लिए नया ट्रैक्टर लाए थे। इसी में ट्राली लगाकर बरात के लिए खानपान का कुछ सामान लेकर गए थे। आरोपियों ने ट्रैक्टर तोड़ दिया और सामान भी खुर्दबुर्द कर दिया। पुलिस ने खाना खा रहे बरातियों की पिटाई की। उधर, ठाकुर पक्ष का आरोप है कि डांस को लेकर बराती पहले खुद ही लड़ बैठे। लड़ते लड़ते रवि मिष्ठान में घुस गए और यहां युवक की पिटाई कर दी। सामान तोड़ दिया। मिठाईयां खुर्द बुर्द कर दीं। इसका विरोध किया तो बरातियों ने पथराव शुरू कर दिया। देर रात बरात पंडाल में पहुंच गई थी और गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। दुल्हन और दूल्हे दोनों के ही परिवार कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।



