साहेबगंज

बकरीद त्योहार को लेकर साहेबगंज प्रशासन अलर्ट

Sahibganj administration on alert regarding Bakrid festival

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।बैठक में पुलिस प्रशासन,नगर निकाय,स्वास्थ्य,विद्युत,पेयजल, अग्निशमन,परिवहन एवं उत्पाद विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने,अफवाहों पर रोक लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी,लगातार गश्ती अभियान तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।बैठक में बाइक स्टंट एवं खतरनाक ड्राइविंग पर रोक लगाने,अवैध शराब व नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर बाउंड डाउन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।वही नगर निकायों को ईदगाहों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई,पेयजल एवं जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।वहीं स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम मुस्तैद रखने तथा अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने आमजनों से अफवाहों से बचने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सजग है और सभी के सहयोग से बकरीद त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button