गोड्डा
मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
पथरगामा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पथरगामा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों के उपचार की स्थिति एवं अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, वार्ड, दवा भंडारण कक्ष, पंजीकरण काउंटर तथा विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को नियमित एवं सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय उपकरणों को क्रियाशील स्थिति में रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उपचार प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखी जाए। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी, चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन से जुड़े कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



