गाजियाबाद
भाकियू (अनाज) की बैठक में किसानों की समस्याओं और प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के डिफेंस कॉलोनी स्थित श्री कृष्णा वाटिका मैरिज होम में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार नरोत्तम शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष दक्ष नागर ने किया। आयोजन युवा पश्चिम अध्यक्ष सन्नी सेन द्वारा कराया गया।
बैठक की शुरुआत प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर यादव के दामाद के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इस दौरान बागपत और गाजियाबाद से आए बड़ी संख्या में युवाओं और किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की सदस्यता ग्रहण की। संगठन से जुड़े नए सदस्यों को राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में पं. सचिन शर्मा ने किसानों की समस्याओं, बढ़ते प्रदूषण और नदियों की सफाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते किसानों की समस्याओं और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा।
जिला अध्यक्ष दक्ष नागर ने हिंडन नदी के बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि नदी किनारे बसे गांवों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने जहरीले जल प्रदूषण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
बैठक में किसानों की भूमि अधिग्रहण नीति को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों की जमीन का एकतरफा अधिग्रहण बंद होना चाहिए।
कार्यक्रम में कई नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं। पिंटू भेडापुर को राष्ट्रीय महासचिव, कुलदीप सकलपुर को राष्ट्रीय सचिव, विकास विधूड़ी को प्रदेश उपाध्यक्ष, उपेंद्र को पश्चिम उपाध्यक्ष, सतेंद्र शर्मा को बागपत जिला प्रभारी, पवन शर्मा को जिला मंत्री गाजियाबाद, अमित नगर को जिला उपाध्यक्ष, हरेन्द्र को संगठन मंत्री तथा गौरव डागर को जिला सचिव बनाया गया।
इस अवसर पर कुलदीप नगर, सौरभ चंदेला, एडवोकेट कपिल चंदेला, अजीत सिंह, निशांत बालियान, मिंटू नगर, दिनेश यादव सहित अनेक पदाधिकारियों ने नव नियुक्त सदस्यों का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

