गोड्डा

गोड्डा नगर परिषद एवं महागामा नगर पंचायत के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित 

 विकास योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिए जाए : उपायुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में गोड्डा नगर परिषद, गोड्डा एवं महागामा नगर पंचायत के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद में साफ-सफाई, नियमित कचरा उठाव, पेयजल आपूर्ति, सड़क प्रकाश व्यवस्था, नाली सफाई, जलजमाव की समस्या, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति एवं कर वसूली की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र में आमजनों को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि गर्मी एवं हीटवेव की स्थिति को देखते हुए नगर क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खराब चापाकलों एवं जलापूर्ति व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने तथा जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नगर परिषद के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं, सड़क निर्माण, नाला निर्माण, स्ट्रीट लाइट संधारण, सौंदर्यीकरण कार्य एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने नगर पंचायत के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें। बैठक में नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button