झुंझुनू
भींवाराम मेघवाल को शहीद का दर्जा देने की मांग मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। अखिल भारतीय मीणा संघ के प्रदेश महासचिव ब्रह्मदत्त मीणा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर नवलगढ़ थाने के कांस्टेबल (चालक) स्वर्गीय भींवाराम मेघवाल को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि 17 मई 2026 को पुलिस गश्त के दौरान बदमाशों का पीछा करते समय पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें वाहन चालक कांस्टेबल भींवाराम मेघवाल का निधन हो गया। उन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं इसलिए उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। ब्रह्मदत्त मीणा ने कहा कि स्वर्गीय भींवाराम मेघवाल का बलिदान पुलिस विभाग और समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे वीर जवानों का सम्मान होना आवश्यक है ताकि पुलिसकर्मियों का मनोबल मजबूत हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भींवाराम मेघवाल को आधिकारिक रूप से शहीद घोषित कर उनके परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी एवं अन्य आवश्यक सरकारी सुविधाएं प्रदान की जाएं। इस मांग को लेकर क्षेत्र में भी जनभावनाएं लगातार सामने आ रही हैं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सरकार से संवेदनशील निर्णय लेने की अपील की है।



