गाजियाबाद
चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर लोनी में श्रद्धांजलि सभा एवं हवन पूजन का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री जननायक अन्नदाता चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं हवन पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, किसानों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर चौधरी चरण सिंह जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा हवन में आहुति देकर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा एवं सम्मान से ओतप्रोत रहा।
सभा को संबोधित करते हुए राजकुमार धामा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों, ग्रामीण भारत और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए गांव और किसान की समृद्धि को राष्ट्र निर्माण का आधार माना। उनके विचार, संघर्ष और सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस मौके पर सत्यवीर प्रधान जयवीर बालियान , कृष्ण पाल मलिक , सभासद रूपेंद्र चौधरी , बृजपाल मास्टर , उदय पाल प्रधान , सुधीर तोमर , विशाल धामा , प्रमोद मलिक , पप्पू चौधरी , संदीप कालूराम , ओमपाल ,नवाव सिंह, अनिल टिकैत एवं योगेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर चौधरी चरण सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा समाज एवं किसानों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।


