
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गंगेश्वरी ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (शंकर) की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में क्षेत्र के किसानों ने बिजली कटौती, आवारा पशुओं, सड़क, सिंचाई और प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पंचायत की अध्यक्षता सुभाष त्यागी ने की, जबकि संचालन कमल ठाकुर ने किया।
किसानों ने डॉ. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, गजरौला में ट्रामा सेंटर स्थापित करने तथा आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इसके साथ ही हरी बाबा बांध मार्ग को पक्का कराने तथा गांव हाजीपुर और मलकपुर में सड़क व सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग भी पंचायत में उठाई गई।
पंचायत के दौरान केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक ने भी उपस्थित होकर किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर योगेंद्र कुमार, शीशपाल सिंह, अनुज नगर, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, हेमराज सिंह, श्रीपाल, मोनू, धनपत सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


