नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र के ग्राम कोरवास में चांदी के असली आभूषण बताकर नकली पायल गिरवी रखवाने और युवक से 15 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम कोरवास निवासी सोनू राजा पुत्र जगभान सिंह ने थाना सौजना में दी गई तहरीर में बताया कि 26 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। तभी ग्राम कुम्हेड़ी निवासी धनीराम पुत्र धवले कुशवाहा दो अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। धनीराम ने अपने साथ आए व्यक्ति का परिचय अपने जीजा रामचरन कुशवाहा निवासी लुहर्रा के रूप में कराया, जबकि तीसरा व्यक्ति अज्ञात बताया गया। आरोप है कि धनीराम ने सोनू राजा से कहा कि उसके जीजा को पैसों की सख्त जरूरत है और वह अपने चांदी के आभूषण बेचना चाहते हैं। जब सोनू ने आभूषण खरीदने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उन्हें जेवर गिरवी रखने का प्रस्ताव दिया और भरोसा दिलाया कि बाद में रुपये लौटाकर आभूषण वापस ले लेंगे। धनीराम के भरोसे में आकर सोनू राजा ने दो पायल अपने पास रख लीं और बदले में आरोपियों को 15 हजार रुपए नकद दे दिए। रुपये लेने के बाद तीनों आरोपी वहां से चले गए। पीडि़त के अनुसार 28 मई को उन्होंने उन पायलों का वजन और जांच कराने के लिए महरौनी के एक जौहरी के पास ले गए। जांच में पता चला कि करीब 220 ग्राम वजन वाली पायलें चांदी की नहीं बल्कि गीलट की थीं। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने थाना सौजना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर के आधार पर आरोपी धनीराम कुशवाहा, रामचरन कुशवाहा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मुलायम सिंह को सौंपी गई है।

