पहले आओ, पहले पाओ’ योजना को मिली मंजूरी…
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने खाली भवनों की बिक्री सहित कई विकास प्रस्ताव किए पास

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
कमिश्नर मेरठ की अध्यक्षता में प्राधिकरण की बोर्ड बैठक सम्पन्न…
हापुड़ – हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) की 76वीं बोर्ड बैठक मेरठ के मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर की अध्यक्षता में प्राधिकरण के सभागार में संपन्न हुई। इस बोर्ड बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई ।
बैठक में विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी श्रेणी के रिक्त भवनों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित मूल्यों पर पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत बेचने का निर्णय लिया गया है ।
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और अन्य शिक्षण संस्थाओं के लिए खरीदी गई भूमि के भू-उपयोग परिवर्तन का प्रस्ताव भी पास किया गया । इसके अतिरिक्त, धौलाना तहसील के ग्राम खेड़ा में ट्रांसपोर्ट नगर के भू-उपयोग को औद्योगिक भू-उपयोग में बदलने की भी स्वीकृति दी गई है ।
हापुड़ महायोजना-2031 के अंतर्गत प्रस्तावित क्षेत्रीय पार्क और खुले क्षेत्र को आवासीय भू-उपयोग के साथ स्वैप करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है । इसमें ग्राम सबली, रामपुर और हापुड़ के विभिन्न खसरा नंबरों में कुल 6.1654 हेक्टेयर (लगभग 34.59 एकड़) भूमि शामिल है।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम चक्रसैनपुर उर्फ बाबूगढ़ में संचालित हरिपुर आवासीय योजना से जुड़ी अतिरिक्त भूमि खरीदने और पूरी परियोजना को शासन से स्वीकृति दिलाने का प्रस्ताव भी बैठक सर्वसम्मति से पारित हुआ है । उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास ( विकास शुल्क का निर्धारण, उग्रहण एवं संग्रहण ) तृतीय संशोधन नियमावली-2026 को लागू करने, विकास प्राधिकरणों में लागू भवन एवं विकास उपविधि तथा आदर्श जोनिंग रेगुलेशन्स 2025 में संशोधन करने और प्राधिकरण सेवा में मृतक आश्रित नियमावली लागू करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर ने कहा कि इन फैसलों से हापुड़-पिलखुवा क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा, व्यवस्थित आवास विकास, हरित क्षेत्रों का संरक्षण और शहरी विस्तार को नई गति मिलेगी।उन्होंने बताया कि प्राधिकरण अब इन स्वीकृत प्रस्तावों को तेजी से जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में कार्य करेगा ।
बैठक में प्राधिकरण की वीसी मुकेश चंद, डीएम कविता मीना, प्रभारी सचिव अमित कादियान, प्राधिकरण के सदस्य मुनेश त्यागी , महेश अग्रवाल समेत अनेक अधिकारी मौजूद थे।




